February 27, 2026

NEWS TEL

NEWS

सरकार आज जितना रंग बदल रही है, उतने रंग तो गिरगिट ने भी कभी नही बदला होगा : अमर बाउरी

राँची : सरकार आज जितना रंग बदल रही है, उतने रंग तो गिरगिट ने भी कभी नही बदला होगा। आज गिरगिट भी सरकार के बदलते रंग को देखकर शर्मा जा रहा है। लगभग 19 से 20 महीने की हेमंत सोरेन की महागठबंधन की सरकार जिस तरह से अपने वादों को तोड़कर लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं उसमें यह कहना गलत नहीं होगा कि सरकार ने अपने किए वादे भुला दिया। जिस आदिवासी के नाम पर सरकार सत्ता में आई उसी आदिवासी बेटी कि आज हत्या हो जाती है और सरकार उसकी हत्या की जांच के लिए सीबीआई की अनुशंसा नहीं करती। लेकिन स्वागत है माननीय हाईकोर्ट का जिन्होंने रूपा तिर्की हत्या मामले में सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी इस आदेश का स्वागत करती है। उक्त बातें चंदनकियारी विधायक सह पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी ने कही। 3 सितंबर से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के विषय में उन्होंने कहा कि गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र जी, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, भाजपा झारखंड प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी के साथ विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में सरकार के कई मुद्दों पर चर्चा होगी। जिसमें विधि व्यवस्था की लचर हालत, लगातार राज्य में हो रहे जज, वकील, पुलिस एवं आम जनता की हत्या, जमीन लूट, रोजगार आदि के मामले पर विस्तृत चर्चा होगी। उसके बाद तय किया जाएगा कि विधानसभा में किस तरह सरकार को घेरना है। उन्होंने कहा कि आज राज्य की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। जिस सरकार ने युवाओं को प्रतिवर्ष लाखों नौकरियां देने का वादा किया था वहीं सरकार आज नियमित हो चुके कर्मचारियों की नौकरी भी छिनने का काम कर रही है। राज्य के युवाओं में आक्रोश है और जनता में असंतोष है। उन्होंने कहा कि पूर्व में हेमंत सोरेन की सरकार और उनके सहयोगी पार्टियों ने कई बार 1932 का खतियान राज्य में लागू कर स्थानीय नीति तैयार करने की बात कही थी, लेकिन आज वह मुद्दे गायब हो चुके हैं। ऐसे कई मुद्दे हैं जिन पर कल के विधायक दल की बैठक में चर्चा होगी और विधानसभा सत्र में विपक्ष की भूमिका तय होगी। राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार जो आज इमर्जिंग झारखंड कार्यक्रम कर रही है वह रघुवर दास की सरकार में किए गए मोमेंटम झारखंड के जैसा ही है। हेमंत सोरेन की सरकार आज जो जमीन उद्योगपतियों को दिखा रही है वह सभी जमीने भारतीय जनता पार्टी की सरकार के समय लैंड बैंक में थे। लेकिन विपक्ष के रूप में हेमंत सोरेन और उनके सहयोगी पार्टियों ने रघुवर दास के ऊपर कई आरोप लगाए, लेकिन वही कार्य आज सरकार कर रही है। छोटे सत्र के विषय में उन्होंने कहा कि सत्र भले ही छोटा हो लेकिन सरकार संवैधानिक सवालों से बच नहीं सकती। सरकार को चाहिए कि जनता से जुड़े सभी सवालों का संतोषप्रद जवाब दें और यदि कोई आश्वासन सदन में दिया जाए तो उस पर अक्षरसः पालन किया जाए। अन्यथा हमें बाध्य होकर सदन में विपक्ष की सही भूमिका निभानी पड़ेगी।

उन्होंने मीडिया के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष एवं सरकार से आग्रह किया कि विधानसभा सत्र को अच्छे से चलाएं। भारतीय जनता पार्टी जनमानस के मुद्दों को पटल पर लाने का प्रयास करेगी और उन सभी सवालों का सरकार सकारात्मक जवाब दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.