झारखंड की बेटियों ने पूरे विश्व में देश का मान बढ़ाया, राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता -हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री
1 min readराज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। झारखंड प्रदेश के खिलाड़ियों ने पूरे विश्व में अपने प्रतिभा का परचम लहराया है। राज्य के होनहार खिलाड़ियों के मेडल जीतने पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित राशि देने का प्रावधान किया गया है। राज्य के खिलाड़ियों को कोई दिक्कत न हो इस निमित्त सरकार पैनी नजर रख रही है। यहां के खिलाड़ियों की रफ्तार को गति देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से तीरंदाज खिलाड़ी दीपिका कुमारी, कोमालिका बारी एवं अंकिता भगत, कोच पूर्णिमा महतो तथा हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान एवं सलीमा टेटे को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहीं। मुख्यमंत्री ने ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को 2 करोड़, सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को 1 करोड़ तथा ब्रोंज मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को 75 लाख रुपए इनाम राशि दिए जाने की घोषणा की। वही मुख्यमंत्री ने पेरिस में आयोजित तीरंदाजी विश्वकप में देश के लिए मान बढ़ाने वाली तीरंदाज खिलाड़ी दीपिका कुमारीa को गोल्ड मेडल जीतने तथा टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने हेतुz ईनाम राशि 50 लाख रुपए तथा विश्व कप तीरंदाजी में रिकर्व टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने के उपलक्ष्य में अंकिता भगत तथा कोमोलिका बारी को 20-20 लाख रुपए ईनाम राशि दिए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कोच पूर्णिमा महतो को भी 12 लाख रुपए इनाम राशि के रूप में दिए जाने की घोषणा की।
यही नही इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को ओलंपिक प्रतिभागी बनने पर ही 5 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि सरकार द्वारा दी जा रही है। आगामी 23 जुलाई 2021 से टोक्यो में प्रारंभ हो रहे ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए झारखंड से चुनी गईं हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान एवं सलीमा टेटे को भी 5-5 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश से बाहर खेलने वाले सभी खिलाड़ियों एवं कोच का 15 लाख रुपए का बीमा कराया जाएगा जिसका प्रीमियम सरकार भरेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपिका कुमारी, अंकिता भगत तथा कोमोलिका बारी ने झारखंड के साथ-साथ देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने तीरंदाजी खिलाड़ी दीपिका कुमारी को संबोधित करते हुए कहा कि आपको मैं दोहरी शुभकामनाएं देता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीरंदाजी विश्वकप में गोल्ड मेडल जीतना झारखंड के लिए सुखद पल हैं। झारखण्ड की बेटियों ने विश्व में देश का मान बढ़ाया है।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि यहां के खिलाड़ियों को कैसे प्रमोट किया जाए इसके लिए मैं हमेशा चिंतित रहता था। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि राज्य सरकार का वादा है कि आप जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का मनोबल कभी नही टूटने दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको देश के बाहर खेलने में कोई समस्या अथवा दिक्कत हो तो आप बेझिझक खेल सचिव के साथ समन्वय स्थापित करें।मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी ने सीमित संसाधनों के बीच कड़ा प्रैक्टिस, दृढ़आत्मविश्वास, सच्ची लगन और मेहनत के बल पर स्वयं को इस मुकाम तक पहुंचाया है। आने वाले समय में आप सभी खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर अन्य खिलाड़ी भी राज्य और देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करेंगे। मुख्यमंत्री ने तीरंदाजी कोच पूर्णिमा महतो की प्रशंसा की तथा उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी को अच्छा प्रदर्शन करने में कोच की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रहती है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ओरमांझी से कुश्ती के क्षेत्र में उभरती हुई खिलाड़ी चंचला का भी जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर संभव चंचला को मदद करेगी। चंचला कुश्ती के क्षेत्र में मेडल जीतकर लाए इस निमित्त किसी भी तरह से उन्हें संसाधन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में सभी जिला, प्रखंड तथा पंचायत स्तर पर खेल के मैदान बनाए जाएं इस दिशा में राज्य सरकार कार्य कर रही है। हॉकी खेलने वाले क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए एस्ट्रोटर्फ बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 15 सालों के बाद पहली बार राज्य में खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को सरकार पूरा सहयोग देगी।
मुख्यमंत्री ने हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान तथा सलीमा टेटे से टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों पर चर्चा की तथा उनका हौसला अफजाई किया। मुख्यमंत्री ने टोक्यो ओलंपिक के लिए तीरंदाजी खिलाड़ी दीपिका कुमारी एवं हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान तथा सलीमा टेटे को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दी।