दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर केंद्रीय समिति ने उपायुक्त से की मुलाकात, पूजा स्थलों की समस्याओं पर मांगा समाधान

जमशेदपुर:जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति का एक प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष श्री अचिंतम गुप्ता के नेतृत्व में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी से मिला और दुर्गा पूजा को लेकर जिले में हो रही तैयारियों एवं आने वाली समस्याओं पर चर्चा की। समिति ने उपायुक्त का जिले में स्वागत करते हुए उन्हें पूजा आयोजन से जुड़ी कई प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उपायुक्त ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा भी दिलाया।

समिति के महासचिव श्री आशुतोष सिंह ने पूजा के दौरान आने वाली पांच मुख्य समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी। इनमें बड़ौदा घाट के रास्ते में निर्माणाधीन पुल का समय पर पूरा न होना, कदम सती घाट और सब स्टेशन घाट पर निर्माण कार्य से उत्पन्न खतरे, टेल्को में ट्रक पार्क पूजा स्थल का समाप्त हो जाना, मानगो ओवरब्रिज के चलते पूजा स्थलों का नुकसान और साकची स्वर्णरेखा घाट पर वाहन व्यवस्था की कमी जैसी गंभीर बातें शामिल थीं। समिति ने कहा कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो दुर्गा पूजा की व्यवस्थाओं में बाधा आ सकती है।

प्रतिनिधि मंडल ने यह भी आग्रह किया कि घाटों पर सुरक्षा, ट्रैफिक और विसर्जन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रशासन अभी से ठोस कार्रवाई करे। बैठक में महासचिव आशुतोष सिंह के अलावा रामबाबू सिंह, अशोक सिन्हा, नंदलाल सिंह, परमात्मा मिश्रा, अर्जुन शर्मा, सत्येंद्र कुमार, प्रदीप कुमार दास, विजय वर्धा, शिव शंकर सिंह, आमियो ओझा समेत कई सदस्य उपस्थित थे। उपायुक्त महोदय ने प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर करेगा।