अटल क्लिनिक का नाम बदलने पर भाजयुमो ने किया विरोध प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन।

न्यूज टेल डेस्क: जमशेदपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शनिवार को जुबिली पार्क गोलचक्कर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर संचालित अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लिनिक किए जाने के विरोध में किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

भाजयुमो ने बताया जनभावनाओं का अपमान, चेताया उग्र आंदोलन का।
कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और इस निर्णय को झारखंड की आत्मा और आदिवासी अस्मिता पर हमला बताया। जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी न केवल देश के पूर्व प्रधानमंत्री थे, बल्कि झारखंड राज्य के निर्माता भी थे। उनके नाम पर चल रही योजनाओं का नाम बदलना तुष्टिकरण की राजनीति है, जिसे राज्य की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो युवा मोर्चा सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा।

विरोध प्रदर्शन में कई प्रमुख नेताओं की भागीदारी
प्रदर्शन में शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. राजीव कुमार, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जटाशंकर पांडेय, कोल्हान प्रभारी अमिताभ सेनापति, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सागर राय, प्रदेश मंत्री सोनू ठाकुर, शैलेश गुप्ता, सुजीत वर्मा, गौतम प्रसाद, बिरेन महतो, अनमोल वर्मा, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में नाम बदलने के निर्णय को वापस लेने की मांग की।