पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा कमिटी की वार्षिक बैठक, धर्मेंद्र सोनकर बने कार्यकारी अध्यक्ष।
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: जमशेदपुर स्थित सर्किट हाउस में पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा कमिटी की वार्षिक कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में आय-व्यय का लेखा-जोखा पेश किया गया और दुर्गा पूजा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनकर को समिति का कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। पूर्व विधायक एवं मंत्री दुलाल भुइयां ने उन्हें इस संबंध में पत्र सौंपा।

पूजा की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में समिति के 35 वर्षों के इतिहास और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर दिया गया। समिति ने निर्णय लिया कि ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न पूजा समितियों की तैयारियों का आकलन किया जाएगा और उपायुक्त महोदय से बैठक कर प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

नई जिम्मेदारी पर बोले धर्मेंद्र सोनकर
कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने के बाद धर्मेंद्र सोनकर ने मीडिया से कहा कि वे समिति की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दुर्गा पूजा के भव्य और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरी तरह समर्पित रहेंगे। उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मां दुर्गा की सेवा में योगदान देना उनके लिए गर्व की बात है।