September 17, 2025

NEWS TEL

NEWS

राजस्थान में जल संरक्षण अभियान की जोरदार तैयारी: रामगढ़ बांध सहित राज्यभर के जलाशयों का होगा पुनर्जीवन, 5 जून से शुरू होगा अभियान

न्यूज़टेल डेस्क:राजस्थान में पर्यावरण दिवस और गंगादशमी के अवसर पर 5 जून से जलाशयों के पुनर्जीवन और हरियाली बढ़ाने के लिए एक व्यापक राज्यव्यापी अभियान शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश और राजस्थान पत्रिका की पहल पर शुरू हो रहे इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। जयपुर के ऐतिहासिक रामगढ़ बांध सहित पूरे प्रदेश में नदी, तालाब, कुएं और बांधों की सफाई और संरक्षण का कार्य किया जाएगा।

मुख्य सचिव सुधांश पंत ने आठ विभागों—जल संसाधन, भूजल, कृषि, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, वन, पर्यावरण और आयोजना—को जिम्मेदारी सौंपी है और तीन दिन में सभी जल स्रोतों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार को अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अभियान के तहत डिसिल्टिंग, वर्षा जल संरक्षण, वृक्षारोपण और पुराने जलस्रोतों का पुनः उपयोग जैसे कार्य किए जाएंगे।

इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा जाएगा ताकि इसे केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन भागीदारी वाला आंदोलन बनाया जा सके। सभी जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान कुल 15 दिनों तक चलेगा और जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता और भागीदारी बढ़ाने की दिशा में यह एक अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.