September 16, 2025

NEWS TEL

NEWS

जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में राज्य स्तरीय डीएवी खेलकूद प्रतियोगिता-2025 का शुभारंभ।

1 min read

न्यूज टेल डेस्क: जमशेदपुर के जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में डीएवी खेलकूद प्रतियोगिता-2025 (राज्य स्तर) का भव्य उद्घाटन किया गया। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस और राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसएसपी जमशेदपुर श्री पीयूष पांडे और एआरओ झारखंड जोन-ई सह प्राचार्या श्रीमती प्रज्ञा सिंह उपस्थित रहीं। उद्घाटन कार्यक्रम डीएवी गान, खेल ध्वजारोहण, आदिवासी और भांगड़ा नृत्य, ड्रिल व मार्च पास्ट की शानदार प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ।

1200 प्रतिभागियों ने दिखाया जज्बा, मुख्य अतिथि ने दिया संदेश

राज्यभर के आठ क्लस्टर से 84 विद्यालयों के लगभग 1200 प्रतिभागी प्रतियोगिता में शामिल हुए। इस दौरान श्री पीयूष पांडे ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि खेल जीवन को अनुशासित बनाते हैं तथा हार-जीत से परे सच्ची खेल भावना का विकास करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। वहीं, डीएवी स्पोर्ट्स राज्य कोऑर्डिनेटर श्री एम.के. सिन्हा ने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया और आयोजन की सफलता पर प्राचार्या श्रीमती प्रज्ञा सिंह को बधाई दी।

एथलेटिक्स और रोलर स्केटिंग में दिखी प्रतिभा, डीएवी हजारीबाग और उड़ीमारी का दबदबा

प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों के लिए एथलेटिक्स और रोलर स्केटिंग की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित हुईं। रोलर स्केटिंग में डीएवी हजारीबाग और उड़ीमारी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, डीएवी बिष्टुपुर की सुमोना ईशा मंडल ने दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। अन्य प्रतियोगिताओं में हजारीबाग, जामाडोबा और कोडरमा के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। शेष प्रतियोगिताएं 30 अगस्त 2025 को संपन्न होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.