सोना देवी विश्वविद्यालय फ्रेशर्स वीक ‘आगाज़ – 3’ : जिम्मेदारी और सेवा का संदेश
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: सोना देवी विश्वविद्यालय में फ्रेशर्स वीक ‘आगाज़ – 3’ के तीसरे दिन नए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की गतिविधियों से अवगत कराया गया। एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवचंद्र झा और पतोतरी माली ने पावर प्वॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को समझाया कि वे किस तरह चुने गए किताडीह गांव में विकास कार्यों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए योजनाएं बनाई जाती हैं। डॉ. झा ने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व व चरित्र का विकास कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना है।

खेल प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
फ्रेशर्स वीक के तीसरे दिन विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। सहायक प्राध्यापक व खेल आयोजन संयोजक राहुल कुमार साव ने बताया कि शतरंज, कैरम और म्यूजिकल चेयर जैसे खेलों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया, जिससे छात्रों का उत्साह और दोगुना हो गया।

भजन संध्या में भक्तिमय माहौल।
कार्यक्रम के अंत में विवेकानन्द ऑडिटोरियम में भजन संध्या का आयोजन हुआ। राधा अष्टमी के अवसर पर झारखंड की स्नेहिल सोनी ने अपनी सुरीली आवाज में भजन प्रस्तुत कर सभी श्रोताओं को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने फ्रेशर्स वीक के उत्सव में आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक रंग भी भर दिए।