झारखंड इंडस्ट्रियल पॉलिसी लैब में एक्सएलआरआइ की छह टीमें चयनित
1 min read
जमशेदपुर:झारखंड की औद्योगिक नीति को नया स्वरूप देने में एक्सएलआरआइ जमशेदपुर की भूमिका लगातार मजबूत होती जा रही है। राज्य में निवेश बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से झारखंड सरकार द्वारा गठित झारखंड इंडस्ट्रियल पॉलिसी लैब के तहत शनिवार को एक्सएलआरआइ जमशेदपुर में वर्ष 2025-26 के लिए फाइनल प्रेजेंटेशन का आयोजन किया गया। यह लैब झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जिडको) और झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जियाडा) की संयुक्त पहल है, जिसके माध्यम से राज्य में निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने पर गहन शोध किया जा रहा है।

कार्यक्रम में एक्सएलआरआइ के पब्लिक पॉलिसी एंड बिजनेस स्ट्रैटेजी और कमेटी फॉर पब्लिक पॉलिसी रिसर्च से जुड़े 28 छात्रों की टीमों ने भाग लिया, जिनमें से समीक्षा के बाद 20 टीमों को फाइनल राउंड में चुना गया। जिडको और जियाडा के एमडी वरुण रंजन, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, इन्वेस्ट इंडिया तथा उद्योग जगत के वरिष्ठ अधिकारियों की जूरी ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया, जिसके बाद छह टीमों को अगले चरण के लिए चयनित किया गया। चयनित टीमें फरवरी में रांची में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष विभिन्न सेक्टरों में राज्य के औद्योगिक विकास का रोडमैप प्रस्तुत करेंगी।

इस अवसर पर एक्सएलआरआइ के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कल्याण भास्कर ने कहा कि यह लैब शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक और क्रियान्वयन योग्य नीतियों में बदलने का सशक्त मंच है, वहीं जिडको के एमडी वरुण रंजन ने छात्र प्रस्तुतियों की गहनता और मौलिकता की सराहना करते हुए इसे साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
