April 1, 2025

NEWS TEL

NEWS

सिद्धू मूसेवाला: सिद्धू मूसेवाला का नया गीत ‘SYL’ हटाया यूट्यूब ने , इस आधार पर की गई कार्रवाई

1 min read

दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का नया गीत एसवाईएल (SYL) यूट्यूब से हटा दिया गया है। जानकारी के अनुसार, सरकार से कानूनी शिकायत के बाद इसे यूट्यूब से हटाया गया। मूसेवाला की मौत के बाद इस गीत को उनके आधिकारिक यूट्यूब अकाउंट से रिलीज किया गया था। हत्या के 26 दिन बाद रिलीज हुआ यह गाना छह मिनट में ही हिट हो गया था। 

दो घंटे में इस गाने को 22 लाख लोगों ने देखा। सिद्धू अपने इस आखिरी गाने के जरिये पंजाब और हरियाणा के बीच चल रहे एसवाईएल के मुद्दे को हवा दे गए। गाने में सिद्धू ने कृषि कानूनों को लेकर शुरू हुए किसान आंदोलन और लाल किले का भी जिक्र किया है। पहले छह मिनट में गाने को 4.75 लाख लोगों ने देखा और 3.14 लाख लोगों ने लाइक किया। शुरुआती छह मिनट में ही गाना पूरी तरह से हिट हो गया। दो घंटे बाद इस गाने को 22 लाख लोगों ने देखा, 14 लाख लोगों ने गाने को लाइक किया और दो लाख 52 हजार लोगों ने कमेंट किया। 

सिद्धू मूसेवाला के नए गाने में पंजाब के पानी और उससे जुड़े दूसरे विवादित मुद्दों का जिक्र किया था। इस गाने के दौरान आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता का बयान चल रहा है, जिसमें वह 2024 में पंजाब की तरह हरियाणा में भी अपनी पार्टी की सरकार बनने पर हरियाणा को एसवाईएल का पानी दिलाने की बात कह रहे हैं। गाने में सिद्धू ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली कूच और लाल किले पर सिख समाज के प्रतीक निशान साहिब को लहराने की सराहना की थी।

वहीं मूसेवाला के इस गाने पर हरियाणा के कलाकारों ने नाराजगी जताई थी। एसवाईएल का पानी हरियाणा को नहीं देने वाले शब्दों का विरोध करते हुए हरियाणवी कलाकार गजेंद्र फौगाट ने इस गाने की काट में नया गाना बनाने की घोषणा की थी। वहीं, केडी ने कहा कि यह गाना परिजनों और मूसेवाला की टीम को रिलीज नहीं करना चाहिए था। ऐसे गानों से दोनों प्रदेश का भाईचारा बिगड़ता है।

वहीं अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर विजेन्द्र सिंह का कहना है कि कंफ्यूजन की वजह से लोग गाने के बोल सही तरह से समझ नहीं पा रहे हैं। विजेन्द्र का कहना है कि गाने से उन्हीं लोगों को जलन हो रही है जिनको किसानों में आतंकवाद दिखता था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution