स्मृति इरानी की बेटी के समर्थन में उतरीं शिवसेना सांसद,आरोप पर कही यह बात
1 min read
शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी अवैध रूप से बार चलाने के आरोपों को लेकर घिरी केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी की बेटी के समर्थन में उतरी हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस जोइश इरानी के मामले को लेकर भाजपा पर हमलावर है, वहीं शिवसेना एमपी ने कहा कि 18 वर्षीय को खलनायक नहीं बनाना चाहिए।
प्रियंका ने ट्वीट के माध्यम से कहा
स्मृति इरानी की बेटी का नाम लिए बिना प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट किया, “18 साल के बच्चों को पता नहीं होगा कि भारत में रेस्तरां चलाने के लिए लाइसेंस लेने की प्रक्रिया क्या है। राजनीति को अलग रखते हुए, मैं 19 साल के बच्चे की मां के तौर पर बात कर रही हूं।”प्रियंका चतुर्वेदी के ट्वीट पर एक सोशल मीडिया यूजर ने उनसे सवाल कर दिया। उसने पूछा कि क्या वह यही बात तब भी कहतीं जब यह आरोप सामान्य नागरिक के खिलाफ लगा होता। इस पर प्रियंका ने कहा, “मेरा भाई किसी तरह के विशेषाधिकार प्राप्त बैकग्राउंड से नहीं आता था।
18 साल की उम्र में उसने भी यही सपना देखा। मुंबई में अपने सपने को साकार करने की कोशिश में उसे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। साथ ही उसे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। तो हां, मुझे पता है कि मैं किस बात को लेकर चिंतित हूं।”
स्मृति बोलीं- राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ना मेरी गलती!
स्मृति इरानी ने कांग्रेस के इस आरोप को दुर्भावनापूर्ण करार दिया। उन्होंने दावा किया कि नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया और राहुल गांधी की 5,000 करोड़ रुपये की लूट पर उनके मुखर रुख के कारण उनकी बेटी को निशाना बनाया गया है। उसकी गलती यह है कि उसकी मां ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा।
कांग्रेस ने उनकी बेटी जोइश का चरित्र हनन किया
इरानी ने कहा कि कांग्रेस ने उनकी बेटी जोइश का चरित्र हनन किया और उसे निशाना बनाया। उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस को उनकी बेटी की ओर से कोई गड़बड़ी किए जाने का सबूत दिखाने की चुनौती दी।