शिबू सोरेन ‘दिशोम गुरु’ का निधन, झारखंड में शोक की लहर।
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: झारखंड के प्रख्यात नेता और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन का 4 अगस्त 2025 को 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें झारखंड में ‘दिशोम गुरु’ के नाम से जाना जाता था। वे जनजातीय अधिकारों, सामाजिक न्याय और आदिवासी उत्थान के लिए आजीवन संघर्षरत रहे। उनके निधन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश में शोक की लहर है।

नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में शोक सभा, श्रद्धांजलि अर्पित।
दिशोम गुरु के निधन पर नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के केंद्रीय सभागार में शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदनमोहन सिंह, कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि एवं अन्य सदस्यों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। कुलाधिपति ने अपने संबोधन में कहा, “ईश्वर दिवंगत नेता की आत्मा को शांति दे और परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। उनके आदर्श और संघर्ष सदा हमें प्रेरित करते रहेंगे।”

एक दिन का शैक्षणिक और प्रशासनिक अवकाश घोषित
कुलाधिपति के निर्देशानुसार नेताजी सुभाष ग्रुप ऑफ एजुकेशन के अंतर्गत आने वाले सभी संस्थानों में एक दिन का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अवकाश घोषित किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र-छात्राओं ने दिवंगत नेता के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
ॐ शांति।