यूथ इंटक सदस्यता प्रक्रिया को आसान बनाने हेतु सत्यम सिंह ने जारी किया क्यूआर कोड।
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) के शीर्ष नेतृत्व ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं ऊर्जावान बनाने के उद्देश्य से सत्यम सिंह को यूथ इंटक (Youth INTUC) झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है। इस अवसर पर आयोजित एक प्रेस वार्ता में सत्यम सिंह ने यूथ इंटक की सदस्यता प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने के लिए क्यूआर कोड लॉन्च किया। इस पहल का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं और मजदूर वर्ग को संगठन से जोड़ना है।

युवाओं और मजदूरों की आवाज उठाने का संकल्प
सत्यम सिंह लंबे समय से संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने मजदूरों, किसानों और युवाओं की समस्याओं को मुखरता से उठाया है। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता मजदूर वर्ग की समस्याओं का समाधान, बाल मजदूरी की रोकथाम, महिला श्रमिकों की सहभागिता को बढ़ावा देना और सरकार की ओर से मिलने वाली श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं को हर मजदूर तक पहुँचाना होगा। साथ ही गिग वर्कर्स के हक की लड़ाई को भी मजबूती से लड़ेंगे।

कार्यकर्ताओं ने जताया उत्साह और भरोसा
झारखंड में इस घोषणा का कार्यकर्ताओं और मजदूर संगठनों के पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सभी ने विश्वास जताया कि सत्यम सिंह के नेतृत्व में यूथ इंटक को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। इस मौके पर रघु चंदन प्रधान, नीतीश सिंह, शुभम मुखी, विवेक शर्मा, रोशन मुखी, शुभम सुखला, रवि शंकर सिंह, जगदीप सिंह, अनीश सिंह, लव कुमार, कुश कुमार, जिशु कुमार, रौनक कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।