देवघर: फूड ग्रेन बैंक के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के बीच राशन वितरण, दो दिनों तक चलेगा कार्यक्रम

देवघर : कोरोना के कहर की वजह से गरीब व मजदूर तबके के लोगों को बड़ी समस्या हुई। ऐसे में देवघर जिला प्रशासन ने फूड ग्रेन बैंक की शुरुआत कर उनके खाने पीने का इंतजाम किया। कोरोना की वजह से हुए इस बड़ी विपदा में स्थानीय समाजसेवियों की मदद से जरूरतमंद लोगों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार के दिन इन जरुरतमंद लोगों के बीच खाद्य सामग्रियों का वितरण देवघर एसडीओ दिनेश यादव ने किया। यह कार्यक्रम दो दिनों तक चलेगा और करीब 800 लोगों को राशन सामग्री दी जाएगी। इस अवसर पर एसडीओ ने कहा कि जरुरतमंद लोगों को खाद्य सामग्री दी जा रही है। इसमें आम लोग भी सहयोग कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी गैर सरकारी संस्थाओं, समाजसेवी व आम लोगों से आग्रह किया है कि वे आगे आएं और स्वेच्छा से गेंहू, चावल, राशन का सामान व अन्य जरूरी सामान इस फूड ग्रेन बैंक में जमा करा दें। ये सामग्री प्रशासन द्वारा जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा दी जाएगी। बहरहाल जिला प्रशासन के इस प्रयास के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि अब जिले में कोई भी भूखा नहीं रहेगा।