नेशनल प्राइड मोमेंट कार्यक्रम में पूनम ढिल्लों ने शहीद परिवारों व पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित
जमशेदपुर:रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट्स द्वारा आयोजित नेशनल प्राइड मोमेंट का भव्य आयोजन गोलमुरी स्थित एक होटल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री पूनम ढिल्लन मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता भरत सिंह, समाजसेवी सिराज खान, हरि सिंह राजपूत, आयोजक आशा सिंह, आरफीन अशरफ और सत्यजीत सिंह राजपूत शामिल हुए। इसके बाद देशभक्ति गीतों, भांगड़ा, कथक नृत्य, गतका सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।कार्यक्रम में धनबाद से आए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणविजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नेशनल प्राइड मोमेंट की सराहना करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

अभिनेत्री पूनम ढिल्लन ने शहीद परिवारों के सदस्यों, पूर्व सैनिक परिषद के प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।आयोजक आशा सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस से पूर्व इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित कर गर्व का अनुभव कराना और दूसरों को प्रेरित करना है, इसलिए विशेष रूप से शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों को सम्मान दिया गया। कार्यक्रम का संचालन सत्यजीत सिंह राजपूत ने किया। आयोजन को सफल बनाने में आशा सिंह, आरफीन अशरफ, शिवानी ओझा, बसंत दास, आकांक्षा वर्मा, सुबोध गोराई और जगजीत सिंह सहित रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट्स की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
