श्रीनाथ रॉक गार्डन समेत कई इलाकों में 10 दिनों के भीतर शुरू होगी पाइपलाइन जलापूर्ति
1 min read
जमशेदपुर: टेल्को क्षेत्र अंतर्गत श्रीनाथ रॉक गार्डन, मनपीटा सहित हुरलुंग, लुपुंगडीह एवं नूतनडीह के ग्रामीण इलाकों में जल्द ही पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर जलापूर्ति शुरू होने जा रही है। पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि हुरलुंग बृहत जलापूर्ति योजना के तहत लगभग 10 दिनों के भीतर जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी, जिसका ट्रायल पहले ही सफल रहा है। योजना को दो चरणों में पूरी तरह धरातल पर उतारा जाएगा। गर्मी के मौसम में भूगर्भ जल स्तर गिरने से उत्पन्न जल संकट को देखते हुए इस योजना की शुरुआत वर्ष 2023 में श्रीनाथ होम्स के प्रबंध निदेशक सुखदेव महतो द्वारा स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी एवं तत्कालीन कार्यपालक अभियंता शिशिर सोरेन के सहयोग से कराई गई थी।

करीब 10.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना की क्षमता 1 एमएलडी है, जिसके तहत दो जल मीनार और एक फिल्टर प्लांट का निर्माण किया गया है। लगभग 30 से 32 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से संबंधित गांवों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। इस योजना से टेल्को स्थित श्रीनाथ रॉक गार्डन के लगभग 800 परिवारों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित होगी। अगले 30 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई इस जलापूर्ति योजना के पूर्ण होने से हजारों घरों को शुद्ध पेयजल मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
