पीएम विश्वकर्मा योजना: जमशेदपुर में कारीगरों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित
1 min read
जमशेदपुर:एमएसएमई–विकास कार्यालय, रांची द्वारा भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम जिले में पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों को उनके उत्पादों एवं सेवाओं के विकास हेतु कोलैटरल फ्री क्रेडिट, स्किल ट्रेनिंग, आधुनिक टूल्स, डिजिटल लेनदेन पर प्रोत्साहन तथा मार्केट लिंकेज जैसी सुविधाओं के माध्यम से समग्र सहयोग प्रदान करना था।

कार्यशाला का उद्घाटन 18 दिसंबर 2025 को पूर्वाह्न 11:30 बजे प्रशिक्षण-सह उत्पादन केंद्र, जमशेदपुर में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला उद्योग केंद्र, पूर्वी सिंहभूम के महा-प्रबंधक श्री रवि प्रसाद सहित आरडीएसडीई रांची के सहायक निदेशक श्री बी.एन. हेम्ब्रम, बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक श्री अनुराग कुमार एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र में सहायक निदेशक (ग्रेड-I) श्री सुरेंद्र शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पीएम विश्वकर्मा योजना की रूपरेखा और इसके अंतर्गत शामिल 18 पारंपरिक व्यवसायों की जानकारी दी। तकनीकी सत्र में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के शाखा प्रबंधक श्री अनूप त्यागी ने वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता तथा क्यूआर कोड के उपयोग पर प्रकाश डाला, जबकि ई-डिजीटली इंडिया के फैकल्टी श्री सचिन स्नेह ने बिक्री रणनीति, उत्पाद पैकेजिंग, लेबलिंग, डिजाइन, ऑनलाइन बिक्री और ई-कॉमर्स ऑनबोर्डिंग के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम में 110 से अधिक पीएम विश्वकर्मा कारीगरों ने भाग लिया और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा 45 से अधिक लाभार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्ड कर यूपीआई क्यूआर कोड जारी किए गए। कार्यक्रम का समापन एमएसएमई–डीएफओ, रांची के यंग प्रोफेशनल श्री उद्धव पाठक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
