February 27, 2026

NEWS TEL

NEWS

सिदगोड़ा में श्रीराम मंदिर निर्माण के दूसरे वर्षगांठ पर होगा छह दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन, सूर्य मंदिर कमेटी एक लाख लोगों को घर जाकर करेगी आमंत्रित

1 min read

■ देवभूमि हरिद्वार से पधार रहे व्यास परम् पूज्य साध्वी डॉ विश्वेश्वरी देवी जी के मुखारबिंद से होगा 23 से 28 फरवरी तक श्रीराम कथा का वाचन।

जमशेदपुर। सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में राम मंदिर निर्माण के दूसरे वर्षगांठ पर छह दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का दिव्य आयोजन होगा। मंगलवार को सूर्य मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संजीव सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए बैठक में आयोजन की भव्यता एवं सफलता को लेकर रूपरेखा बनाई गई। बैठक में सूर्य मंदिर कमेटी के मुख्य संरक्षक सह राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्यरूप से उपस्थित थे। इस संबंध में जानकारी देते हुए कमेटी के अध्यक्ष संजीव सिंह ने बताया कि अयोध्या धाम में बन रहे भव्य श्रीराम मंदिर के तर्ज पर वर्ष 2020 में कमेटी के मुख्य संरक्षक रघुवर दास के मार्गदर्शन में राम मंदिर निर्माण विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ। गत वर्ष मंदिर में श्रीराम दरबार की पूरे विधि-विधान और प्राण-प्रतिष्ठा के साथ स्थापना की गई। पिछले वर्ष कोरोना महामारी के कारण कोई धार्मिक आयोजन नही किये गए। इस वर्ष कमेटी ने संगीतमय छह दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन सुनिश्चित किया है। जिसमें भक्तजनों को आगामी 23 फरवरी से लेकर 28 फरवरी तक हरिद्वार से पधार रहे कथा व्यास परम् पूज्य साध्वी डॉ विश्वेश्वरी देवी जी के मुखारबिंद से मनोरम झांकियों के साथ श्रीराम कथा के रसपान करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। 23 फरवरी को संध्याकाल में भव्य शोभायात्रा के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि मंदिर कमेटी के कार्यकर्ता पूरे शहर में एक लाख आमंत्रण पत्र के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित करेंगे। जमशेदपुर के किसी भी कोने में कोई घर ना छुटे, इस ध्येय के साथ कार्यकर्ता जनभागीदारी सुनिश्चित करेंगे। बताया कि सूर्य मंदिर कमिटी ने वर्ष 2002 से ही निरंतर धार्मिक आयोजन के साथ लोगों में आध्यात्मिक भावना को बल दिया है। श्रीराम मंदिर निर्माण शहर के आस्थावान भक्तों के सहयोग और अटूट आस्था से सम्पन्न हुआ। आगामी आयोजन भी सभी के भागीदारी और सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न होगा। बैठक के दौरान मंदिर कमेटी के सदस्यों ने आयोजन के संदर्भ में कई आवश्यक सुझाव भी दिए। वहीं, बैठक के दौरान महिला सदस्यों को विशेष दायित्व दिया गया जिसमें उन्हें जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजन को लेकर आमंत्रित करने पर जरूरी दिशा-निर्देश दिये गए। सूर्य मंदिर कमेटी ने श्रीराम कथा को लेकर भव्य स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। कमेटी ने शहर के सभी धर्मप्रेमियों से आयोजन में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।

बैठक के दौरान गुँजन यादव, लक्ष्मीकांत सिंह, मान्तु बनर्जी, अखिलेश चौधरी, पवन अग्रवाल, कमलेश सिंह, रामबाबू तिवारी, चंद्रशेखर मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, राकेश सिंह, खेमलाल चौधरी, दीपक झा, संतोष ठाकुर, अमरजीत सिंह राजा, सुरेश शर्मा, रूबी झा, ज्योति अधिकारी, नीलू झा, बिमल साहू, मधु तांती, सीमा जायसवाल समेत अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.