February 28, 2026

NEWS TEL

NEWS

पूर्व विधायक स्व. दीनानाथ पांडेय की प्रतिमा लगाने पर बोली भाजपा, पूर्वजों और शहीदों का सम्मान करना हमारी संस्कृति

1 min read

जमशेदपुर। पूर्व विधायक एवं भाजपा के कद्दावर नेता स्व. दीनानाथ पांडेय जी की प्रतिमा लगाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के नाम जोड़ने पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला महामंत्री राकेश सिंह ने इस मामले में बयान जारी कर कहा कि विधायक सरयू राय शहर में प्रतिमा लगाये ये अच्छी बात है, लेकिन राजनीतिक द्वेष की भावना से प्रेरित होकर विधायक सरयू राय अपने समर्थकों से गलत तरीके से चीजों को पेश करा रहे हैं, ये निंदनीय है। उन्होंने स्व. दीनानाथ पांडेय की मूर्ति लगाने के जगह पर खड़े हुए विवाद में अनावश्यक रूप से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के नाम को जोड़ने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोगों विगत 2 वर्षों से हरेक घटना में सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के नाम को जोड़ कर हीं राजनीति मे जिंदा है, उनके सपने मे भी रघुवर दास आते है, ऐसे रघुवर फोबिया से ग्रसित लोगों का भोजन भी नहीं पचता उनके नाम लिये बगैर। विधायक सरयू राय की मंशा पूर्वजों के सम्मान के जगह पूर्व सीएम सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास के विरोध पर टिक गई है। उन्होंने कहा कि स्व. दीनानाथ पांडेय का भाजपा ने हमेशा सम्मान किया है। हमारे पूर्वजों, शहीदों, परंपराओं और विरासत के प्रति सम्मान का भाव रखना पार्टी के संस्कार और संस्कृति में शामिल है। परंतु राजनीतिक महत्वकांक्षा लिए लोग राजनीतिक नफा-नुकसान में पूर्वजों के सम्मान करने से अधिक पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ दुष्प्रचार करने में लगे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिनप्लेट संजय सद्भावना मार्केट के दुकानदारों ने जगह के चयन पर आपत्ति दर्ज की है, इन सब मामलों में भाजपा का कोई सरोकार नही है। स्व. दीनानाथ बाबा शहर की जनता और राजनीतिक दल के लिए सदैव आदर्श और प्रेरणाश्रोत रहेंगे। परंतु इस प्रकार से बिना किसी तथ्य और जानकारी के पूर्व सीएम रघुवर दास का नाम जोड़कर सुर्खियां बनना, ये ओछि और निम्न स्तर की राजनीति का उदाहरण है।

वहीं, भाजपा महानगर प्रवक्ता प्रेम झा ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूर्व विधायक स्व. दीनानाथ पांडेय जी पार्टी के सम्मानित नेता रहे हैं। उनके प्रतिमा स्थापित करने में संजय सद्भावना मार्केट के दुकानदारों द्वारा जगह को लेकर आपत्ति दर्ज की गई है। परंतु जनतंत्र मोर्चा के कार्यकर्ता इस विवाद में अनावश्यक रूप से भाजपा का नाम जोड़कर गलत बयानबाजी कर रहे हैं। प्रेम झा ने कहा कि जनसंघ काल से लेकर पार्टी को सींचने वाले और विराट व्यक्तित्व के धनी दीना बाबा की प्रतिमा भी उनकी गरिमा और व्यक्तित्व को ध्यान में रखकर लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह से विवाद को जन्म देकर जनतंत्र मोर्चा के नेता उनके सम्मान से अधिक पूर्व सीएम रघुवर दास के प्रति विरोध को प्राथमिकता देने में लगे हैं। इस मामले में मूर्ति लगाकर बाबा को सम्मान देने से ज़्यादा किसी व्यक्ति विशेष के प्रति नफ़रत ज़्यादा प्रदर्शित हो रही है। किसी महान विभूति को सम्मान देना एवं उसके बहाने किसी को नीचा दिखाने का प्रयास करना दोनों अलग चीजें है। जनतंत्र मोर्चा को मूर्ति लगाने के लिए ऐसी जगह का चयन करना चाहिए जहां शहर के लोगों को उनके जीवन और विराट व्यक्तित्व का दर्शन सुगमतापूर्वक हो, ना कि ऐसे संकुचित स्थान पर जहां गाड़ी पार्किंग होती है और दुकानें लगती हो। प्रेम झा ने सुझाव दिया है कि स्व. दीनानाथ पांडेय की मूर्ति टिनप्लेट क्षेत्र के ही किसी गोलचक्कर पर स्थापित की जानी चाहिए जिससे शहर के लोग आसानी से उनके दर्शन और उनसे प्रेरणा ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.