शहर में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना अब हुआ आसान
जमशेदपुर/ न्यूज़ टेल : शहर में अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना हुआ आसान नया ड्राइविंग लाइसेंस, लाइसेंस रिन्यूअल, टैक्स भुगतान होगा आसान इसके लिए 23 अप्रैल से 2 मई तक लगाया जाएगा कैम्प 23 अप्रैल से 2 मई तक धालभूम अनुमंडल में 4 व घाटशिला अनुमंडल में 1 स्थान पर लगेगा कैम्प।
नया ड्राइविंग लाइसेंस बनाना हो या पुराने का रिन्यूअल कराना, साथ ही टैक्स जमा करने में कोई समस्या आ रही हो तो जिला परिवहन कार्यालय द्वारा आगामी 23 अप्रैल से 2 मई तक आयोजित किये जाने वाले कैम्प में शामिल होकर अपनी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं।
उपायुक्त विजया जाधव के आदेशानुसार लगाए जा रहे कैम्प को लेकर 5 स्थान चिन्हित किये गए है, प्रत्येक स्थान पर दो दिनों का यह शिविर होगा। 23 एवं 24 अप्रैल को मानगो नगर निगम कार्यालय, 25 एवं 26 अप्रैल को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति अंतर्गत साक्ची बस स्टैंड, 27 एवं 28 अप्रैल को जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय, 29 एवं 30 अप्रैल को घाटशिला अनुमंडल कार्यालय तथा 01 एवं 02 मई को सिदगोड़ा टाउन हॉल में कैम्प का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक किया जाएगा।
उपायुक्त द्वारा कैम्प के सफल आयोजन को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं साथ ही जिलेवासियों से अपील की गई हैं कि परिवहन कार्यालय द्वारा लगाए जा रहे इस कैम्प में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं।