वार्ड 21 में बदलाव की हुंकार,निर्दलीय प्रत्याशी मनुश्री दुबे ने भरा नामांकन
जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद के वार्ड संख्या 21 में बदलाव की हुंकार उस समय देखने को मिली, जब युवा अधिवक्ता मनुश्री दुबे ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरते हुए सोमवार को करनडीह स्थित प्रखंड सह अंचल कार्यालय, जमशेदपुर में अपना नामांकन दाखिल किया। राजनीति में एक नए, शिक्षित और बेदाग चेहरे के रूप में मनुश्री दुबे की एंट्री से वार्ड की सियासत में हलचल तेज हो गई है। नामांकन के बाद उन्होंने स्पष्ट कहा कि वार्ड 21 वर्षों से महिला सुरक्षा, जर्जर सड़कें, नाली और जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था जैसी गंभीर बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है, जिन्हें अब सिर्फ मुद्दा नहीं बल्कि प्राथमिकता बनाकर जमीन पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड को ऐसे जनप्रतिनिधि की जरूरत है जो केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर दिन जनता के बीच रहकर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करे।

एक युवा प्रत्याशी के तौर पर मनुश्री दुबे ने युवाओं की ऊर्जा, महिलाओं की सुरक्षा और बुजुर्गों के सम्मान को विकास की धुरी बताते हुए वार्ड को नई दिशा देने का संकल्प दोहराया। नामांकन के दौरान उनके साथ परिवारजन, मित्रगण, अधिवक्ता साथी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिससे उन्हें समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन मिलने का संकेत मिला। इस अवसर पर मनुश्री दुबे ने कहा कि यह नामांकन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि वार्ड 21 में जवाबदेही, ईमानदारी और वास्तविक बदलाव की शुरुआत है।
