नीतीश कुमार ने महिला संवाद की शुरुआत की: पहले दिन 600 जगह कार्यक्रम, दो महीने तक चलेंगे आयोजन

बिहार:बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को महिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की। यह आयोजन पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास से सुबह 10:30 बजे प्रारंभ हुआ, जहां से मुख्यमंत्री ने 50 प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया। पहले ही दिन राज्यभर में 600 जगहों पर महिला संवाद आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम लगातार दो महीनों तक चलेगा।

सरकार की योजना के अनुसार, अगले 60 दिनों में करीब 70,000 स्थानों पर महिला संवाद होंगे, जिनमें करीब दो करोड़ महिलाओं के शामिल होने का अनुमान है। संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। इनमें जीविका योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, महिला सशक्तिकरण नीति, नशा मुक्ति अभियान और बाल विवाह व दहेज प्रथा उन्मूलन जैसे विषय शामिल हैं।

महिला संवाद कार्यक्रम को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले महिलाओं तक पहुँच बनाने और उनके हितों को उजागर करने की एक रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। राज्य के सभी 38 जिलों में औसतन प्रतिदिन 1200 संवाद होंगे, जिन्हें सुबह और शाम के सत्रों में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में लगभग 1.35 लाख जीविका दीदियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है।