झारखंड को नितिन गडकरी का तोहफा: हजारों करोड़ की लागत से कई नई सड़कों और हाईवे का होगा निर्माण
1 min read
झारखंड:केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने झारखंड को बड़ा तोहफा दिया है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि गोड्डा समेत कई इलाकों में सड़क निर्माण की बड़ी योजनाओं को मंजूरी मिल गई है। इन परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिससे राज्य के लोगों को बेहतर सड़कों की सुविधा मिलेगी।

सांसद दुबे ने कहा कि महगामा से एकचारी तक 1500 करोड़ की लागत से चार लेन की सड़क बनेगी, वहीं देवघर से हंसडिहा तक 1700 करोड़ में चार लेन का निर्माण होगा। इसके अलावा देवघर से मधुपुर तक चार लेन के साथ बाईपास बनाया जाएगा, जिसकी लागत 2500 करोड़ होगी। इसके साथ ही हंसडिहा, मधुपुर-जामताड़ा मार्ग और बाराहाट-कहलगांव मार्ग पर नए नेशनल हाईवे भी बनेंगे।

गोड्डा से ढाकामोड़ तक नया नेशनल हाईवे बनाने के अलावा गोड्डा में कझिया रिवर फ्रंट और देवघर में ढ़डवा रिवर फ्रंट भी तैयार किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से झारखंड की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार, पर्यटन तथा स्थानीय विकास को गति मिलेगी। सांसद ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नितिन गडकरी का आभार जताया।