रांची में आज से शुरू हुआ झामुमो का महाधिवेशन, लंबित विधेयकों पर लाए जाएंगे नए प्रस्ताव
1 min read
रांची:झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का बहुप्रतीक्षित महाधिवेशन आज से रांची के खेलगांव स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रांगण के हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में शुरू हो गया है। इस आयोजन में झारखंड सहित आठ राज्यों से करीब चार हजार प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

झामुमो के लिए यह अधिवेशन संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ राज्य की प्रमुख राजनीतिक दिशा तय करने का मंच भी माना जा रहा है।महाधिवेशन के दौरान पार्टी के नेताओं द्वारा कई लंबित विधेयकों पर नए प्रस्ताव लाए जाएंगे। पार्टी नेतृत्व का उद्देश्य है कि राज्यहित में जिन विधेयकों पर अब तक निर्णय नहीं हो पाया है, उन्हें पुनः सदन में पेश कर पारित करवाने की दिशा में पहल की जाए।

इसमें जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी।कार्यक्रम का आयोजन ऐसे समय पर हो रहा है जब झारखंड में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है और आगामी चुनावों की तैयारियां तेज हैं। ऐसे में झामुमो इस अधिवेशन के माध्यम से संगठन को एक नई ऊर्जा देने और विपक्ष को कड़ा संदेश देने की कोशिश करेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।