जमशेदपुर में उच्च शिक्षा की नई पहल: Institute of Science and Management और E-Digital India के बीच MoU 🎓
1 min read
जमशेदपुर : जमशेदपुर और आसपास के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी शैक्षणिक पहल सामने आई है। झारखंड के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान Institute of Science and Management (ISM), पुंदाग रांची और जमशेदपुर की अग्रणी तकनीकी संस्था E-Digital India के बीच शैक्षणिक सहयोग को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते की जानकारी आईएसएम के निदेशक डॉ. गंगा प्रसाद सिंह और ई-डिजिटल इंडिया के निदेशक रामकृष्ण ठाकुर ने संयुक्त रूप से दी। उन्होंने बताया कि इस साझेदारी का उद्देश्य जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को उच्च शिक्षा और करियर निर्माण के लिए सुलभ, पारदर्शी और तकनीक आधारित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।इस समझौते के तहत Jamshedpur में एक आधिकारिक सूचना केंद्र और डिजिटल स्टडी सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां से छात्र आईएसएम की कक्षाओं में डिजिटल माध्यम से जुड़ सकेंगे और विभिन्न पाठ्यक्रमों से संबंधित सटीक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम, शुल्क संरचना, छात्रवृत्ति और करियर काउंसलिंग से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही कंप्यूटर विज्ञान और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।संस्थान प्रबंधन के अनुसार यह साझेदारी आईएसएम रांची की 45 वर्षों से अधिक की शैक्षणिक विरासत और Jharkhand University of Technology से संबद्धता को ई-डिजिटल इंडिया की तकनीकी प्रशिक्षण प्रणाली से जोड़ने का प्रयास है। आईएसएम में वर्ष 2026 के लिए BBA, BCA, MBA (दोहरी विशेषज्ञता के साथ) और BHMCT जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। संस्थान में तीसरे और चौथे सेमेस्टर से ही ऑन-जॉब ट्रेनिंग और पेड इंटर्नशिप की सुविधा दी जाती है, वहीं प्लेसमेंट के दौरान औसत पैकेज 7 लाख रुपये तक पहुंचने का दावा किया गया है।आईएसएम का परिसर Ranchi के केंद्र में लगभग पांच एकड़ में फैला हुआ है, जहां छात्रों के लिए आधुनिक वाई-फाई कैंपस, कैफेटेरिया, अलग-अलग छात्रावास और “द शोमैन्स थिएटर” नामक ओपन एम्फीथिएटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। संस्थान में पीएचडी धारक शिक्षकों, शोधकर्ताओं और अनुभवी करियर कोच की टीम छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और प्रबंधन कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। इस नई पहल से जमशेदपुर के छात्रों को अब अपने शहर में ही उच्च शिक्षा और करियर मार्गदर्शन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
