नव आगमन 2025 : नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में भव्य स्वागत समारोह।

न्यूज टेल डेस्क: जमशेदपुर के पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में 2025 सत्र के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए शनिवार को भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रणाली, कार्य संस्कृति और विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराना था। मुख्य अतिथियों का स्वागत लोकनृत्य और गणेश वंदना के साथ किया गया। दीप प्रज्वलन के बाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पुलिस उप महानिरीक्षक (विशेष शाखा, जमशेदपुर) मनोज रतन चौथे, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (धनबाद) प्रभात कुमार, कुलाधिपति मदन मोहन सिंह और कुलपति प्रो. डॉ. पी. के. पाणि समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों को संघर्ष और लक्ष्य साधना का संदेश।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज रतन चौथे ने विद्यार्थियों को जीवन के संघर्षों का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने छात्रों को डिजिटल दुनिया से दूरी बनाकर लक्ष्य साधने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश के भविष्य की रूपरेखा तय करती है, इसलिए अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना जरूरी है। कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अनुशासन और वर्तमान को सही दिशा में जीने का महत्व बताते हुए कहा कि छात्र जीवन ही भविष्य की नींव रखता है।

वरिष्ठ अधिकारियों और संकाय सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति।
इस अवसर पर विधि विभाग के अधिष्ठाता प्रो. डॉ. आचार्य ऋषि रंजन, प्रशासनिक विभाग के अनुष्ठाता नाजिम खान, शैक्षणिक विभाग के अधिष्ठाता प्रो. दिलीप शोम, आईक्यूएसी सेल की निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और संकाय सदस्य मौजूद रहे। सभी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों और अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।