नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह संपन्न।
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: जमशेदपुर स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में 23 जून 2025 को तृतीय दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह और विशेष अतिथि के रूप में शिक्षाविद् प्रो. डॉ. शुक्ला मोहंती उपस्थित रहीं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि, कुलसचिव नागेंद्र सिंह और परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोईज़ अशरफ़ सहित अन्य अधिकारियों ने समारोह को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

1500 से अधिक विद्यार्थियों को डिग्री, कुलाधिपति ने साझा की प्रेरक कहानी।
कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि विश्वविद्यालय की स्थापना संसाधनों की कमी और पलायन को देखते हुए की गई थी। उन्होंने कहा कि आज यह गर्व का विषय है कि विश्वविद्यालय में 8000 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और दीक्षांत समारोह में 2023 और 2024 बैच के 1500 से अधिक विद्यार्थियों को डिग्री प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं। कुलसचिव द्वारा दीक्षांत संकल्प भी दिलवाया गया।

गिरिराज सिंह ने युवाओं को किया प्रेरित, कहा- नौकरी देने वाले बनें।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा और शिक्षा का सही दिशा में उपयोग देश को सशक्त बनाने में सहायक होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मनिर्भर बनने और रोजगार सृजन की दिशा में काम करने की प्रेरणा दी। समारोह में विभिन्न संकायों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।