लापरवाही पड़ सकती है बहुत भारी : रांची में 12 डॉक्टर समेत 118 नए कोरोना संक्रमित पाए गए

राँची : जिला में बुधवार को कुल 12 डॉक्टर समेत 118 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। रांची में 24 घंटे में कोरोना के मामले दोगुने हो गए हैं। वहीं पूरे राज्य में कुल 344 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। निजी अस्पताल (मेदांता) के पांच डॉक्टर और रिम्स के सात डॉक्टर संक्रमित मिले हैं। रिम्स में चार जूनियर रेजीडेंट, एक सीनियर रेजीडेंट, एक एचएस और एक सीनियर डॉक्टर संक्रमित मिले हैं. इसके अलावा दो नर्स भी संक्रमित पाई गयी हैं। बता दें कि बुधवार को रांची में 118, कोडरमा में 56, पूर्वी सिंहभूम में 43,धनबाद में 31, पश्चिमी सिंहभूम में 22, हजारीबाग में 21, बोकारो में 17, देवघर में 7, गिरिडीह में 7, चतरा में 6, खूंटी में 4, रामगढ़ में 4, जामताड़ा में 3, गुमला में 2, दुमका, लातेहार और पलामू में एक एक संक्रमित मरीज मिले हैं। मंगलवार को राज्य में 155 नए संक्रमित मिले थे। विशेषज्ञों के अनुसार यह तीसरी लहर के संकेत हैं। सात दिनों में दस गुना बढ़ सकते हैं मामले रिम्स के पीएसएम विभाग के डॉ देवेश ने बताया कि राज्य में तीसरी लहर ने दस्तक दे दिया है। आने वाले सात दिनों में मरीजों की संख्या बढ़कर दस गुणा हो जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान ट्रेंड को देखते हुए यह स्पष्ट हो रहा है कि तेजी से बढ़ते मामले ओमिक्रॉन वैरिएंट के होने के संकेत हैं। उन्होंने बताया कि अब माइल्ड सिंप्टम के साथ मरीज आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि अगर मरीज नहीं मिल रहे हैं तो इसका मतलब यह है कि संक्रमण डिटेक्ट नहीं हो पा रहे हैं। संक्रमण तेजी से फैल रहा है। डॉ देवेश ने बताया कि अब जांच की रफ्तार बढ़ाने की जरूरत है, लोगों को खुद आगे आकर जांच करा लेना चाहिए।