June 15, 2025

NEWS TEL

NEWS

सांसद बिद्युत बरण महतो को पुनः मिलेगा “संसद रत्न पुरस्कार 2025”, लोकतंत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान।

1 min read

न्यूज टेल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से लोकप्रिय सांसद श्री बिद्युत बरण महतो को “संसदीय लोकतंत्र में उत्कृष्ट और निरंतर योगदान” के लिए प्रतिष्ठित “संसद रत्न पुरस्कार 2025” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें आगामी जुलाई 2025 के अंतिम सप्ताह में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले संसद रत्न पुरस्कार समारोह के 15वें संस्करण में प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में औपचारिक घोषणा आज एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से की गई। उल्लेखनीय है कि बिद्युत महतो को इससे पहले 16वीं एवं 17वीं लोकसभा में भी यह पुरस्कार मिल चुका है।

पुरस्कार की घोषणा पर खुशी जाहिर करते हुए सांसद महतो ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला तथा जमशेदपुर की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए प्रेरणा है और जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारियों की पुष्टि भी करता है। उन्होंने इसे जमशेदपुर की जनता को समर्पित करते हुए कहा, “यह उनकी जीत है, जिन्होंने मुझे सेवा का अवसर दिया।” संसद में उनकी निरंतर उपस्थिति, प्रभावी बहसें और जनहित से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाने की उनकी भूमिका को देशभर में सराहा गया है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, रेल, कृषि, सिंचाई, माइंस, सड़क, एयरपोर्ट, स्वर्णरेखा परियोजना जैसे कई मुद्दों को संसद में बार-बार मजबूती से उठाया है।

गौरतलब है कि संसद रत्न पुरस्कार की स्थापना वर्ष 2010 में प्राइम पॉइंट फाउंडेशन और ई-मैगजीन ‘प्रीसेंस’ ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के सुझाव पर की थी। तब से अब तक 14 संस्करणों में कुल 125 पुरस्कार प्रदान किए जा चुके हैं। यह पुरस्कार पूरी तरह से सांसदों के आधिकारिक प्रदर्शन — जैसे बहसों की संख्या, प्रश्न, निजी विधेयक आदि — के आधार पर प्रदान किया जाता है। इस वर्ष कुल 17 सांसदों और 2 संसदीय स्थायी समितियों का चयन किया गया है। झारखंड से देवघर सांसद निशिकांत दूबे को भी इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.