Kia EV3 को मिला ‘World Car of the Year 2025’ का खिताब, अभी भारतीय बाजार में नहीं हुई लॉन्च
1 min read
न्यूज़टल डेस्क:Kia Motors की इलेक्ट्रिक SUV EV3 को ‘World Car of the Year 2025’ का प्रतिष्ठित खिताब मिला है। यह सम्मान न्यूयॉर्क इंटरनेशनल ऑटो शो 2025 में बुधवार, 16 अप्रैल को आयोजित समारोह में दिया गया। इस मुकाबले में EV3 ने BMW X3 और Hyundai Instar को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया।

इस पुरस्कार के लिए चुनी गई कारों के लिए कुछ खास मानदंड तय किए जाते हैं, जिनमें प्रमुख है कि उस कार की कम से कम 10,000 यूनिट्स एक साल में बिकी हों और वह दो या अधिक अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध हो। Kia EV3 इन सभी मानदंडों पर खरी उतरी। यह लगातार दूसरा साल है जब किआ को यह खिताब मिला है, इससे पहले 2024 में EV9 को यह अवॉर्ड मिला था।

भले ही Kia EV3 को अभी भारतीय सड़कों पर नहीं देखा गया है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार इसे जून 2025 में भारत में लॉन्च किया जा सकता है। अनुमान है कि इसकी कीमत ₹20 लाख से ₹25 लाख के बीच हो सकती है। दमदार बैटरी, आधुनिक फीचर्स और किफायती दाम इसे भारत में भी एक लोकप्रिय विकल्प बना सकते हैं।