नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया कारगिल विजय दिवस।
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: 26 जुलाई 2025 को जमशेदपुर के पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में कारगिल विजय दिवस बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम की शुरुआत साई वंदना और राष्ट्रगान से हुई, इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुति दी। दिन भर चले समारोह में सोलो सिंगिंग, ग्रुप डांस, स्कीट, मोनो एक्ट, फायरलेस कुकिंग, पोस्टर मेकिंग, और मेंहदी डिज़ाइन जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

स्वर्ण पदक विजेता स्नेहा कुमारी को विश्वविद्यालय ने किया सम्मानित।
इस खास मौके पर नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी की रिसर्च स्कॉलर और झारखंड की पहली महिला स्ट्रेंथ लिफ्टर स्नेहा कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्रों को अपने जीवन के प्रेरणादायक अनुभव साझा करते हुए कहा, “जहां चाह है, वहां राह है। अगर लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो सफलता निश्चित है।” कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के लिए ₹40,000 की सम्मान राशि प्रदान की गई। कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह ने स्वयं मंच से स्नेहा को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

झारखंड की पहली महिला बनीं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को दिलाया स्वर्ण पदक।
स्नेहा कुमारी ने हाल ही में थाईलैंड के पटाया में आयोजित 12वीं इंटरनेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग एंड इंक्लाइंड बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2025 में भाग लिया, जहां उन्होंने 52 किलोग्राम कैटेगरी में 162.5 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। यह उपलब्धि हासिल कर वह न केवल भारत की बल्कि झारखंड की भी पहली महिला बन गईं, जिन्होंने इस प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय और राज्य के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय हमेशा ऐसे होनहार और संघर्षशील विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।