ऑपरेशन सिंदूर पर अररिया में दिखा जोश, कांग्रेस ने निकाली तिरंगा यात्रा, सेना को किया सैल्यूट

बिहार:
भारतीय सेना द्वारा हाल ही में किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर पूरे देश में देशभक्ति का माहौल है। इसी क्रम में बिहार के अररिया जिले में कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा कांग्रेस कार्यालय गांधी आश्रम से शुरू होकर कचहरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तक पहुंची। यात्रा का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाद अहमद ने किया, जिसमें विधायक आबिदुर रहमान, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष आफताब उर रहमान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “हिंदुस्तान जिंदाबाद” और “भारतीय सेना अमर रहे” जैसे देशभक्ति नारों से माहौल को गूंजायमान कर दिया। शाद अहमद ने कहा कि आज की परिस्थिति में सेना द्वारा उठाए गए साहसी कदम का हर भारतीय समर्थन करता है और कांग्रेस पार्टी जल, थल और वायु सेना के साहस को सलाम करती है। उन्होंने कहा कि हम अपने सैनिकों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।

अररिया विधायक आबिदुर रहमान ने कहा कि भारतीय सेना आतंकियों के गढ़ पाकिस्तान में घुसकर जवाब दे रही है। यह तिरंगा यात्रा हमारे वीर जवानों के शौर्य, बलिदान और देशभक्ति को समर्पित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी सेना के समर्थन में एकजुट है और देश की सुरक्षा के हर प्रयास में सहयोगी बनी रहेगी।