जमशेदपुर: खाऊ गली में JMM नेता समरेश सिंह को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली, हालत गंभीर
1 min read
जमशेदपुर:जमशेदपुर के व्यस्ततम इलाके बिष्टुपुर स्थित खाऊ गली गुरुवार रात गोलियों की आवाज से दहल उठी। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता और चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि समरेश सिंह उर्फ गुड्डू को अज्ञात हमलावरों ने करीब 8:39 बजे गोली मार दी। उस वक्त वे गली में आइसक्रीम खा रहे थे। गोली उनकी गर्दन में जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया, जहां उनकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। बिष्टुपुर पुलिस और CCR डीएसपी मनोज ठाकुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से दो खोखे बरामद हुए हैं और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।

हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। खाऊ गली की सभी दुकानें तुरंत बंद हो गईं। समरेश सिंह पहले भाजपा से जुड़े थे, लेकिन बाद में JMM में शामिल हो गए थे और वर्तमान में विधायक प्रतिनिधि के रूप में सक्रिय थे। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस हमले के पीछे राजनीतिक रंजिश है या निजी दुश्मनी।