Jharkhand Weather Update: रांची समेत कई जिलों में बारिश से गर्मी से राहत, हीटवेव अलर्ट जारी।
1 min read

न्यूज टेल डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में गुरुवार रात हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। दिनभर तेज गर्मी के बाद रात करीब नौ बजे बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने 19 मई तक आंशिक बादल और गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग रांची के अनुसार, राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, धनबाद और गिरिडीह सहित दक्षिणी जिलों पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में 16 मई को हीटवेव का असर रहेगा, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 16 और 17 मई को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़कर बाकी हिस्सों में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 18 से 20 मई तक अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में पश्चिम सिंहभूम के हटगम्हरिया में सबसे अधिक 44.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि डाल्टनगंज में अधिकतम 42.4 डिग्री और खूंटी में न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 37.8 और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
