झारखंड CGL पेपर लीक: 6 IRB जवान बर्खास्त होंगे, DGP ने बताया गुनाह और कार्रवाई की वजह
1 min read
                झारखंड:झारखंड की CGL परीक्षा में हुए पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई की तैयारी हो गई है। परीक्षा में धांधली और प्रश्नपत्र लीक कराने वाले गिरोह की मदद करने के आरोप में 6 IRB जवानों को बर्खास्त किया जाएगा। इनमें से 5 जवान पहले ही सीआईडी के द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि एक जवान अभी भी फरार है। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई का आदेश दिया है।

DGP ने झारखंड सशस्त्र बल (JAP) के डीआईजी को पत्र लिखकर सभी संलिप्त जवानों को सेवा से हटाने का प्रस्ताव भेजा है। जवानों के खिलाफ सेवा नियम की धारा 311 के तहत कार्रवाई होगी। जेल में बंद जवान वर्तमान में निलंबित हैं और उनके खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। फरार जवान खुद भी CGL परीक्षा में पास हुआ था, लेकिन जांच शुरू होते ही उसने छुट्टी लेकर गायब हो गया।

इस घोटाले के मास्टरमाइंड संदीप त्रिपाठी उर्फ शशि भूषण दीक्षित, उसके सहयोगी विवेक रंजन और गिरफ्तार जवानों समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ चार्जशीट तैयार हो चुकी है। बर्खास्त होने वाले जवानों में कुंदन कुमार, रोबिन कुमार, अखिलेश कुमार, गौरव कुमार, और अभिलाष कुमार शामिल हैं। झारखंड पुलिस की यह सख्त कार्रवाई परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बहाल करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।