नारी सम्मान और सैन्य पराक्रम का जयघोष, सिंदूर यात्रा में उमड़ा जनसैलाब।
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: जमशेदपुर में रविवार को नारी शक्ति और देशभक्ति का अद्वितीय संगम देखने को मिला, जब सिंदूर यात्रा के माध्यम से हजारों महिलाओं ने वीर जवानों के सम्मान में एकजुटता दिखाई। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता और पहलगाम आतंकी हमले में पीड़ित बहनों के सम्मान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा की अगुवाई जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने की। गोलमुरी जॉगर्स पार्क से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक तक निकाली गई इस यात्रा में माताओं-बहनों ने हाथों में सिंदूर कलश और तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

देशभक्ति नारों से गूंजा शहर, वीर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि सिंदूर यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर यह संदेश दिया कि वे देश की रक्षा और सम्मान के लिए सदैव तैयार हैं। यात्रा के समापन पर गोलमुरी पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर विधायक पूर्णिमा साहू समेत अन्य महिलाओं ने वीर सपूतों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बलिदान को नमन किया। पाकिस्तान समर्थित आतंकियों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना की सराहना की गई।

अगर जरूरत पड़ी तो नारियां भी उठाएंगी शस्त्र: पूर्णिमा साहूविधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि सिंदूर भारतीय नारी के आत्मसम्मान और संस्कृति का प्रतीक है, और उसकी रक्षा के लिए भारत किसी भी हद तक जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर जरूरत पड़ी तो देश की नारियां भी शस्त्र उठाने से पीछे नहीं हटेंगी। इस आयोजन में राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कल्याणी शरण, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति समेत भाजपा महिला मोर्चा की कई प्रमुख पदाधिकारी और हज़ारों महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने एक सुर में देश की रक्षा में अपने समर्थन और एकजुटता का संकल्प लिया।
