July 3, 2025

NEWS TEL

NEWS

जमशेदपुर विमेंस कॉलेज की इंटर की छात्राओं पर संकट: डेढ़ साल की पढ़ाई के बाद कॉलेज छोड़ने का फरमान

बिष्टुपुर:बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर विमेंस कॉलेज की इंटरमीडिएट छात्राओं का भविष्य फिलहाल अधर में लटका हुआ नजर आ रहा है। लगभग डेढ़ वर्ष तक पढ़ाई करने के बाद अब कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं को कॉलेज छोड़ने का आदेश दे दिया है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि अब यह संस्थान “महाविद्यालय” का दर्जा प्राप्त कर चुका है, ऐसे में इंटरमीडिएट की पढ़ाई यहां संभव नहीं है। इस फैसले से लगभग 100 छात्राओं का भविष्य अचानक संकट में पड़ गया है।

कॉलेज प्रशासन ने इन छात्राओं से साफ तौर पर कहा है कि वे या तो किसी निजी कॉलेज या फिर किसी स्कूल में अपना नामांकन करवाएं। कई छात्राओं ने बताया कि उन्होंने यहीं से इंटर की पढ़ाई शुरू की थी और अगले छह महीने बाद स्नातक में प्रवेश लेने की तैयारी कर रही थीं, ऐसे में अब किसी नए संस्थान में स्थानांतरण करना उनके लिए मुश्किल हो गया है। छात्राओं का कहना है कि डेढ़ साल की मेहनत और समय बर्बाद हो गया और अब उनका भविष्य अंधकार में है।

कॉलेज प्रशासन के इस निर्णय के खिलाफ छात्राएं गोलबंद हो चुकी हैं और आज बड़ी संख्या में उपायुक्त कार्यालय पहुंचीं। वहां उन्होंने उपायुक्त से न्याय की गुहार लगाई और मांग की कि कॉलेज प्रशासन अपने निर्णय को वापस ले या वैकल्पिक व्यवस्था करे जिससे उनकी पढ़ाई पर असर न पड़े। छात्राओं ने यह भी चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.