जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व विधायक कल्पना सोरेन ने पूर्व मंत्री रामदास सोरेन को घोड़ाबांधा में दी श्रद्धांजलि, कहा- आदिवासी समाज ने खोया सशक्त नेता
1 min read
जमशेदपुर:जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास पर बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन संग पहुंचे और पूर्व मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत नेता के चित्र पर माल्यार्पण किया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और पूरा समाज इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामदास सोरेन झारखंड की राजनीति के सशक्त आदिवासी नेता थे। वे सदैव वंचित और शोषित समाज के लिए आवाज उठाते रहे और मंत्री रहते हुए भी जनता के बीच सक्रिय रहे। उनका योगदान झारखंड आंदोलन और संगठन दोनों में अहम रहा। सीएम ने उन्हें झारखंड मुक्ति मोर्चा और पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

शिक्षा मंत्री रहते हुए रामदास सोरेन ने सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई पहल की थी। गांव-देहात के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, इसके लिए उन्होंने आधारभूत संरचना पर विशेष ध्यान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संघर्षशील जीवन जीने वाले रामदास सोरेन का व्यक्तित्व और कार्य समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।