आदित्यपुर के वार्ड 31 में गरमाया सामुदायिक भवन की चाबी का मुद्दा, किरण देवी के जन संवाद अभियान ने पकड़ी रफ्तार
1 min read
जमशेदपुर:आदित्यपुर में आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 31 में चुनावी माहौल तेज होता जा रहा है, जहां प्रत्याशी किरण देवी ने व्यापक जन संवाद अभियान चलाकर घर-घर संपर्क किया और वार्डवासियों से सीधा संवाद स्थापित किया। अभियान के दौरान लोगों ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को खुलकर सामने रखा, जिनमें सामुदायिक भवन की चाबी का मुद्दा सबसे प्रमुख बनकर उभरा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सामुदायिक भवन जनता के उपयोग के लिए बनाया गया है, लेकिन चाबी नगर निगम के पास होने के कारण जरूरतमंदों को समय पर सुविधा नहीं मिलती और कार्यक्रमों के लिए अधिक शुल्क भी देना पड़ता है, जिससे सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

किरण देवी ने इस विषय को गंभीर बताते हुए कहा कि सामुदायिक भवन जनता की संपत्ति है और इसका उपयोग सभी के लिए समान व पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें सेवा का अवसर मिला तो सामुदायिक भवन की चाबी संबंधित समिति को सौंपने की दिशा में पहल की जाएगी और उपयोग की प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाया जाएगा। जन संवाद के दौरान महिलाओं ने स्वच्छता और पानी निकासी की समस्या उठाई, युवाओं ने सड़क मरम्मत और रोजगार से जुड़े मुद्दे रखे, जबकि बुजुर्गों ने क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था और नियमित सफाई की मांग की। प्रत्याशी ने सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का आश्वासन दिया और कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं बल्कि वार्ड 31 का संतुलित और समग्र विकास है। अभियान के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी देखी गई, जिससे स्पष्ट है कि सामुदायिक भवन की चाबी का मुद्दा अब वार्ड 31 की चुनावी चर्चा का केंद्र बन चुका है और आने वाले चुनाव में यह एक अहम मुद्दा साबित हो सकता है।
