28 दिन से लापता हैं इंटर की छात्रा….कोचिंग जाने के दौरान हुआ अपहरण; चार युवकों पर दर्ज कराया गया केस
1 min read
बिहार : मुजफ्फरपुर जिले के बरुराज थाना क्षेत्र से एक किशोरी पिछले 28 दिनों से लापता है। अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। किशोरी (17) इंटर की छात्रा है। थाना के चक्कर काटते-काटते परिजन निराश हो चुके हैं। अब उन्होंने वरीय अधिकारियों से गुहार लगाई है। साथ ही छात्रा की मां ने आशंका जताई कि उनकी बेटी का गलत नियत से अपहरण किया गया था। अब एक महीने बीतने को आये। लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
आशंका जताई है कि उसकी हत्या कर लाश को कहीं छुपा दिया गया है। परिजन का हाल बेहाल है। उसकी मां ने पिछले महीने 20 तारीख को बरुराज थाना में अपहरण का केस दर्ज कराया था। इसमे गांव के गुड्डू समेत चार युवकों को आरोपी बनाया था।
FIR में बताया था कि उनकी बेटी मैट्रिक में फर्स्ट डिवीजन करने के बाद इंटर की पढ़ाई कर रही थी। सिरसिया में कोचिंग पढ़ने जाती थी। 20 जुलाई को भी वह कोचिंग गयी थी। लेकिन, शाम तक घर नहीं लौटी। वे लोग चिंतित होकर खोजबीन करने लगे। इसी दौरान पता लगा कि कोचिंग से पहले ही गुड्डू समेत अन्य आरोपियों ने उसे अगवा कर लिया। फोर व्हीलर से उठाकर ले गए थे।