जमशेदपुर लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी समीर मोहंती कल करेंगे नामांकन

न्यूज़ टेल/जमशेदपुर: जमशेदपुर लोक सभा क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी के रूप में समीर कुमार मोहंती शुक्रवार को नामांकन करेंगे। उनके नामांकन में मुख्यमंत्री के भी शामिल होने की संभावना है। झामुमो की रैली भी भाजपा की तरह बौध मंदिर साकची से होगी और सभा का आयोजन भी वहीं पर होगा। झामुमो की ओर से चुनाव के लिए बने सुविधा पोर्टल पर अनुमति के लिए आवेदन किया गया है।
समीर मोहंती का नाम बहुत चिंतन मनन करने के बाद इंडिया गठबंधन ने रखा। जैसे ही समीर के नाम की घोषणा हुई उन्होंने जीत का दावा भी कर दिया। समीर मोहंती वर्तमान में बहरागोड़ा के विधायक हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में अच्छी पकड़ रखते हैं।
बता दें जमशेदपुर लोकसभा सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी विद्युत वरण महतो तीसरी बार मैदान में हैं। उन्होंने अपना नामांकन भी कर दिया है। नामांकन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए विद्युत ने कहा था कि इस बार वे 5 लाख से ज्यादा मतों से जमशेदपुर लोकसभा सीट से जीतकर हैट्रिक लगाएंगे। बता दें जमशेदपुर लोकसभा सीट से अभी तक कोई भी दो बार से ज्यादा लोकसभा चुनाव नहीं जीत पाया है।