राजस्थानी संस्कृति में रंगा कजरी तीज-सिंधारा उत्सव, महिलाओं ने की पारंपरिक झूला झूलने की मस्ती।
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन, मारवाड़ी युवा मंच सुरभि शाखा और लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर प्रीमियम के संयुक्त तत्वावधान में कजरी तीज व सिंधारा का भव्य आयोजन किया गया। रामगढ़िया सभा साकची में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘राजवाड़ा’ रही। आयोजन स्थल को पारंपरिक राजस्थानी रंग में रंगा गया था। कार्यक्रम में लगभग 500 महिलाओं ने हरे, पीले, लाल और नीले रंग के परिधान पहनकर भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक झूले का आनंद लिया, मेहंदी लगाई और श्रृंगार स्टॉल्स का लुत्फ उठाया। चूड़ी, चूरन, कैंडी के स्टॉल ने भी खास आकर्षण बटोरा।

सावन क्वीन, तंबोला और ग्रुप डांस से सजा सांस्कृतिक कार्यक्रम, बंटे आकर्षक पुरस्कार
कार्यक्रम में लोकगीतों, नृत्य और मनोरंजन के विविध रंग बिखरे। म्यूजिकल तंबोला, सावन क्वीन प्रतियोगिता, देवरानी-जेठानी खेल, ग्रुप डांस, हाउजी समेत महिलाओं और बच्चों के लिए नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। सावन क्वीन को स्मार्ट फोन जैसे आकर्षक उपहार दिए गए। महिलाओं ने पारंपरिक सोलह श्रृंगार के साथ रैंप वॉक किया। म्यूजिकल तंबोला और अन्य खेलों में भी ढेरों इनाम बांटे गए, जिससे माहौल में उत्साह और मस्ती का संचार हुआ।

लिट्टी-चोखा से लेकर अमेरिकन डोसा तक, व्यंजनों की लगी स्वादिष्ट झड़ी; महिलाओं ने निभाई जिम्मेदारी।
कार्यक्रम में खाने-पीने का भी विशेष इंतजाम किया गया। क्लब कचौड़ी, आलू की सब्जी, जलेबी, चौमिन मंचूरियन, मोमोस, अमेरिकन डोसा, चाट, पुचका, भेलमुरी, पास्ता, पाव भाजी, चाय, मॉकटेल, फ्राइड राइस और बिहार का प्रसिद्ध लिट्टी-चोखा भी परोसा गया। आयोजन को सफल बनाने में ज्योति अग्रवाल, ममता मुनका, वर्षा चौधरी, मुस्कान अग्रवाल, श्रीजी गर्ग, मनीषा संघी, रेखा अग्रवाल, संजना अग्रवाल, निधि मोदी, कृतिका गोयल, सपना भाऊका, अंजू चेतानी, कविता अग्रवाल, निशा अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, नेहा चौधरी, पायल अग्रवाल, अनीता अग्रवाल और अर्चना अग्रवाल समेत कई महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
