जमशेदपुर में बीजेपी ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर देशभक्ति का उमड़ा सैलाब।


न्यूज टेल डेस्क: जमशेदपुर में गुरुवार को भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता और सैनिकों की वीरता को सम्मान देने के लिए भाजपा की ओर से एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में हजारों नागरिकों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा साकची के जुबिली पार्क गोलचक्कर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शहीद चौक पर सम्पन्न हुई

तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, और ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ जैसे राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लिए आम नागरिक, युवा, महिलाएं, पूर्व सैनिक एवं सामाजिक संगठन देश के प्रति एकजुटता का संदेश दे रहे थे। यात्रा में देशभक्ति गीतों की ध्वनि और शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि ने माहौल को भावुक बना दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा और अन्य नेताओं ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त संदेश दिया है। यह तिरंगा यात्रा सेना के शौर्य, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और देश की सुरक्षा के प्रति जनता की एकजुटता का प्रतीक है। नेताओं ने अपील की कि देशवासी सेना के समर्थन में एकजुट रहें और आतंकवाद के खिलाफ इस जंग में अपना योगदान दें।
