February 27, 2026

NEWS TEL

NEWS

हेमन्त सरकार में अपराधियों का बोलबाला, भाजपा कार्यकर्ताओं पर टारगेट कर हो रहा हमला: दीपक प्रकाश

जमशेदपुर के भाजयुमो जिला महामंत्री की हत्या पर विफ़रे प्रदेश अध्यक्ष, कहा आश्रितों को नौकरी व मुवावजा दे सरकार….

जमशेदपुर : जमशेदपुर महानगर के भाजयुमो जिला महामंत्री सूरज सिंह की हत्या पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने हेमन्त सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिम्मत वाली हेमन्त सरकार में अपराधियों का बोलबाला हो गया है। हेमन्त है तो मुसीबत है, हेमन्त है तो अपराधियों का बोलबाला है, हेमन्त है तो भ्रष्टाचार है, हेमन्त है तो अपराध है, हेमन्त है तो बढ़ता नक्सलवाद है, हेमन्त है तो खनिज संपदा की लूट है, हेमन्त है तो युवाओं पर, किसानों पर, महिलाओं पर अत्याचार है, हेमन्त है तो महंगाई की मार है, हेमन्त है तो प्रदेश की किस्मत खराब है, हेमन्त है तो कानून व्यवस्था खराब है जैसी कहावत बन गयी है।

उन्होंने कहा कि हेमन्त सरकार में अपराधियों को कानून का डर नहीं रहा। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुका है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को टारगेट कर हमला किया जा रहा है। जमशेदपुर के भाजयुमो जिला महामंत्री सूरज सिंह की हत्या पर दुख जताते हुए कहा कि सूरज सिंह के आश्रित को नौकरी व मुवावजा दे सरकार। उन्होंने कहा कि सूरज सिंह घर का इकलौता चिराग था जिसे हेमन्त सरकार की कानून व्यवस्था ने अपने आगोश में ले लिया। उन्होंने कहा कि हेमन्त सरकार की गिरती हुई कानून व्यवस्था का आलम है कि जिस घर मे 12 दिसम्बर को बहन की डोली उठना था उसी घर मे दो दिन पूर्व भाई की अर्थी उठ रही है। इससे ज्यादा दुःखद और क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था में सुधार करे, हत्याओं के दौर इसी प्रकार से जारी रहा तो भाजपा सड़क पर आकर आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध से जनता में सरकार के खिलाफ जनाक्रोश है। सरकार अपराध पर लगाम लगाए।

श्री प्रकाश ने कहा कि जमशेदपुर महानगर के युवा मोर्चा के महामंत्री सूरज सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण। ईश्वर से कामना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को सहनशक्ति प्रदान करें। इस शोक की घड़ी में पूरी पार्टी सूरज सिंह के परिवार के साथ खड़ी है।

वहीं संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि अपराधियों द्वारा हमले में घायल भाजपा युवा मोर्चा, जमशेदपुर महानगर के कर्मठ कार्यकर्ता सूरज सिंह जी का निधन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखदाई है। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.