झारखंड के कई जिलों में रेमल तूफान का दिख रहा है असर, जानें अगले कुछ दिनों तक कैसा रहेगा मौसम, पढ़ें पूरी खबर..
1 min read
न्यूज़ टेल/झारखंड: झारखंड के कई जिलों में रेमल तूफान का असर देखने को मिल रहा है। धनबाद, देवघर समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। संताल और कोल्हान के इलाके में रेमल तूफान का असर देखने को मिल सकता है। यहां 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मौसम विभाग ने 28 मई तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 1 जून तक मौसम में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है। दूसरी ओर राज्य के कई जिलों में तापमान अब भी 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक बारिश 16.2 एमएम सिमडेगा जिले के कुरडेग में दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया जबकि सबसे न्यूनतम तापमान रांची में 25.5 डिग्री दर्ज किया गया है।जिन इलाकों में बारिश हुई उनमें बहरागाड़ो, कांकेर, चतरा, रामगढ़, हजारीबाग, मांडू, पाकुड़ शामिल हैं।
मौसम विभाग ने आज राज्य के उत्तर पूर्वी, मध्य और दक्षिणी हिस्से में गर्जन के साथ हल्के बारिश की संभावना जाहिर की है। 28 मई को राज्य के पूर्वी और मध्य भाग में बारिश के आसार हैं। 29 और 30 मई को राज्य के उत्तर पूर्वी भाग के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं। 30 मई और एक जून को राज्य के पूर्वी भाग में गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के आसार हैं।28 मई को राज्य के दो अलग- अलग हिस्सों में यलो और ऑरेंज अलर्ट है। साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, सरायकेला, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट है जबकि राज्य के दूसरे हिस्सों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।राज्य के कई हिस्सों में अब तापमान 40 के आंकड़े को पार कर रहा है। राज्य के जिन इलाकों में तापमान 40 के पार है, उनमें गढ़वा – 42.3, गोड्डा-40.4, पलामू – 42.8 और सरायकेला में 40.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।राज्य के किस भी जिले में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से कम नहीं नहीं है। राज्य के अधिकतम तापमान में जहां सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है, उनमें बोकारो – 37.2, लातेहार – 37.1 बाकि राज्य के सभी हिस्सों में तापमान 38 के आंकड़े को पार कर रहा है।