सारंडा जंगल में IED ब्लास्ट, CRPF एएसआई शहीद।
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों ने शनिवार को एक बार फिर खूनी खेल खेला। जंगल में लगाए गए IED विस्फोट में CRPF 134 बटालियन के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) सत्यवान कुमार सिंह शहीद हो गए। घटना के वक्त वे अन्य सुरक्षाबलों के साथ नक्सल विरोधी सर्च अभियान में शामिल थे। ब्लास्ट झारखंड-ओडिशा सीमा पर राउरकेला के बोंलाग थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में हुआ।

सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई, इलाके की घेराबंदी। IED ब्लास्ट के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां मिलकर घटना की जांच में जुट गई हैं। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी राकेश रंजन ने बताया कि नक्सलियों की साजिश को गंभीरता से लिया गया है। पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान जारी, टॉप कमांडर निशाने पर। सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे अभियान में कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ की कई यूनिट और चाईबासा पुलिस शामिल हैं। ये अभियान भाकपा माओवादी के टॉप नक्सली नेताओं जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, अजय महतो, और सागेन अंगरिया को टारगेट कर रहा है। हाल ही में सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद कर नक्सलियों की कमर तोड़ दी थी, जिससे बौखलाए नक्सलियों ने यह हमला किया।