आखिर कैसे हुई विद्युत की हैट्रिक, कैसा रहा विधानसभाओं का गणित, आखिर क्यों फेल हुआ समीर का समीकरण ? पढ़ें पूरी ख़बर..

न्यूज़ टेल/जमशेदपुर: (साहिल अस्थाना) जमशेदपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विद्युत वरण महतो ने जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ ही उन्होंने एक कीर्तिमान स्थापित कर लिया। आज तक जमशेदपुर से कोई भी दो बार से ज्यादा सांसद नहीं बन पाया था। विद्युत वरण ऐसे पहले व्यक्ती हैं जो तीसरी बार सांसद बने हैं। साथ ही उन्होंने हैट्रिक लगाकर ये कीर्तिमान स्थापित किया है। वो भी तब जब उनके नाम की घोषणा होते ही ये खबरें सामने आने लगी थीं की पार्टी के अंदर ही उनका विरोध शुरू हो गया है। दो बार सांसद रहने के बाद तीसरी बार वे मैदान में थे जिससे ये साफ था की इस बार उनके खिलाफ एंटी इनकंबेंसी पैदा हो सकती है या पैदा करने की कोशिश की जा सकती है।
एक फैक्टर जरूर उनके पक्ष में रहा की गठबंधन प्रत्याशी के नाम की घोषणा करने में पार्टी ने बहुत देर कर दी। हालांकि नाम की घोषणा होने के बाद प्रचार बहुत जोर – शोर से किया गया था। जेएमएम से गठबंधन प्रत्याशी बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने जन संपर्क पर जोर दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा सक्रिय रहे। उनके समर्थन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी रैली की। जन सभा को संबोधित किया। इन सब के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने विद्युत के पक्ष में घाटशिला में जन सभा कर ग्रामीण मतदाताओं को साधने की भी कोशिश की। अब जब सभी विधानसभा क्षेत्रों के आंकड़े सामने आ गए हैं तो तस्वीर भी साफ हो गई है।
सभी विधानसभा सीट से विद्युत् को मिली लीड, एक भी विधायक भाजपा का नहीं
जमशेदपुर में छह विधानसभा सीट है। बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी व जमशेदपुर पश्चिम। इनमें से एक भी सीट पर भाजपा का कोई विधायक नहीं है। 4 सीट पर जेएमएम है, 1 पर कांग्रेस व एक पर निर्दलीय विधायक हैं।
इस विपरीत परिस्थिति में भी सभी विधानसभा सीट से विद्युत को बढ़त मिलना इस ओर इशारा करता है की उनका कद और बढ़ा है। एंटी इनकंबेंसी से विद्युत को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
किस विधानसभा क्षेत्र से कितना मिला वोट
घाटशिला में झामुमो को 87,252 मत प्राप्त हुए। भाजपा को 88,047 मत प्राप्त हुए। ग्रामीण क्षेत्र में बढ़त भाजपा की ज़रूर कुछ कम देखने को मिली। पर ग्रामीण मतदातों ने जेएमएम के साथ साथ भाजपा को भी वोट दिया है। पोटका से जेएमएम को 99507 मत प्राप्त हुए। भाजपा को 1,11,554 मत प्राप्त हुए।
जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी का चुनावी प्रचार रहा विफल
जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र से 83,093 मत प्राप्त हुए। वहीं भाजपा को 139852 मत मिले। इस सीट से भाजपा की बढ़त इस ओर भी इशारा करती है की जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी के चुनावी प्रचार का मतदाताओं पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा।
जमशेदपुर पूर्वी ऐसी सीट रही जहां भाजपा को बड़ी बढ़त मिली। जेएमएम को 40712 मत प्राप्त हुए। वहीं भाजपा को 145482 मत मिले। ये आंकड़े इस ओर भी इशारा करते हैं की जमशेदपुर पूर्वी में भाजपा की पकड़ मजबूत है। जमशेदपुर पूर्वी वही विधानसभा क्षेत्र हैं जहां से भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने भी चुनाव जीता था। जमशेदपुर पश्चिम से भी भाजपा ने लीड किया है।
अपनी ही विधानसभा सीट से पिछड़े समीर
समीर मोहंती वर्तमान बहरागोड़ा विधायक हैं। उम्मीद यही थी की बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र से समीर मोहंती लीड करेंगे पर ऐसा नहीं हो सका। जेएमएम को इस सीट से 71, 959 मत प्राप्त हुए। वहीं भाजपा को 1,01,784 मत प्राप्त हुए। गौरतलब हो पूर्व में विद्युत भी बहरागोड़ा के विधायक रह चुके हैं।
जमशेदपुर के लोकसभा चुनाव में चला मोदी मैजिक
भले ही देश के चुनाव में मोदी मैजिक विफल रहा हो। मोदी अपनी वाराणसी की सीट से भी 1.5 लाख मतों से ही जीते हों पर जमशेदपुर में मोदी मैजिक सफल रहा। ग्रामीण मतदाता जो भाजपा से खासा प्रभावित नहीं थे उन्होंने ने भी भाजपा को वोट किया। स्थिति ये रही की ग्रामीण क्षेत्रों से भी भाजपा लीड बनाने में सफल रही। मोदी की घाटशिला जन सभा सफल रही।