हेमंत सोरेन बने JMM के नए अध्यक्ष, शिबू सोरेन को मिली संस्थापक संरक्षक की जिम्मेदारी
1 min read
झारखंड:
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के दो दिवसीय 13वें महाधिवेशन में बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ। पार्टी ने अपने संविधान में संशोधन कर कार्यकारी अध्यक्ष का पद समाप्त कर दिया और उसकी जगह ‘संस्थापक संरक्षक’ का नया पद जोड़ा गया है। इसके साथ ही यह स्पष्ट हो गया कि हेमंत सोरेन अब झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष बनेंगे जबकि दिशोम गुरु शिबू सोरेन को ‘संस्थापक संरक्षक’ की जिम्मेदारी दी जाएगी। इस प्रस्ताव पर आज, मंगलवार को औपचारिक मुहर लगेगी।

महाधिवेशन के पहले दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद व्हीलचेयर पर शिबू सोरेन को मंच तक लेकर पहुंचे। इस दौरान ‘जय झारखंड’ के नारों से माहौल गूंज उठा। मंच पर शिबू सोरेन अपनी पत्नी रूपी सोरेन के साथ पूरे समय मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं को आशीर्वाद भी दिया। सोमवार को महाधिवेशन में 16 राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। वहीं आज हेमंत सोरेन की आधिकारिक ताजपोशी और नई केंद्रीय समिति के गठन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

हेमंत सोरेन ने 2015 में कार्यकारी अध्यक्ष पद संभाला था और तब से पार्टी को मजबूत किया। उन्होंने विपक्ष में रहते हुए संघर्ष यात्रा से जन समर्थन जुटाया और 2019 में भाजपा को सत्ता से बाहर कर दिया। गिरफ्तारी की परिस्थितियों से उबरकर झामुमो ने 2024 में विधानसभा चुनाव में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 34 सीटें जीतीं। गठबंधन ने कुल 56 सीटें जीतकर दोबारा सत्ता में वापसी की। अब हेमंत सोरेन पार्टी को नए युग की ओर ले जाने को तैयार हैं।