राष्ट्रीय युवा दिवस पर सोना देवी विश्वविद्यालय में भव्य आयोजन, स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित हुए युवा
1 min read
घाटशिला: राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला के स्वामी विवेकानंद सभागार में भारत के महान संन्यासी, दार्शनिक और युवाओं के आदर्श स्वामी विवेकानंद की जयंती अत्यंत भव्य, विचारोत्तेजक एवं प्रेरणादायी वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चारण, पुष्पांजलि अर्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत कुमार ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके प्रेरक विचारों पर प्रकाश डाला, वहीं इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. कंचन सिन्हा ने उनकी शिक्षा-दृष्टि को आज के समय में प्रासंगिक बताया।

गणित विभागाध्यक्ष कृष्णेंदु दत्ता द्वारा प्रस्तुत रवीन्द्र संगीत ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक ऊँचाई प्रदान की। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शिवचन्द झा ने स्वामी विवेकानंद के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर विचार रखते हुए युवाओं से उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

बंगला विभाग की डॉ. धरणी महतो ने स्वामी जी के संघर्षपूर्ण जीवन से युवाओं को प्रेरणा लेने की बात कही। कुलसचिव डॉ. नीत नयना ने विश्वविद्यालय की भूमिका पर प्रकाश डाला, जबकि कुलपति प्रो. (डॉ.) ब्रज मोहन पट पिंगुवा ने युवाओं को आत्मनिर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन और जमशेदजी टाटा से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए स्वामी विवेकानंद की दूरदर्शिता को रेखांकित किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
