MIITJEE Classes का भव्य आशीर्वाद एवं विदाई समारोह, विद्यार्थियों को दी सफलता की सीख
1 min read
जमशेदपुर: MIITJEE Classes द्वारा कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए आशीर्वाद समारोह तथा कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का भव्य आयोजन साकची स्थित The Kannelite में किया गया। इस अवसर पर लगभग 250 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का वातावरण भावनात्मक, प्रेरणादायी और उत्साहपूर्ण रहा, जहाँ विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच आत्मीयता के भाव स्पष्ट रूप से झलकते नजर आए। समारोह में संस्थान के निदेशक प्रभात रंजन बरनवाल, कृष्णा बनर्जी एवं सचिन वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। निदेशकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जीवन में अनुशासन, परिश्रम तथा संस्कारों के महत्व पर बल दिया।अपने प्रेरणादायी संबोधन में निदेशकों ने कहा कि जहाँ भी जाएँ, अपनी सफलता का परचम लहराएँ और अपने लक्ष्य के प्रति जिम्मेदार बनें।

उन्होंने विद्यार्थियों को जमीन से जुड़े रहने और सबसे पहले एक अच्छा इंसान बनने का संकल्प लेने की सीख दी। उन्होंने यह भी कहा कि विदाई किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि नई दिशा की शुरुआत है। जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका साहसपूर्वक सामना करने और माता-पिता, शिक्षकों तथा जमशेदपुर का नाम रोशन करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे माहौल भावुक और आनंदमय बन गया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में कक्षा 10 के विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ दी गईं, वहीं कक्षा 12 के विद्यार्थियों को उनके नए शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया गया। समारोह सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और नई उम्मीदों के साथ संपन्न हुआ।
